रामगढ़। जिले में अपराध पर लगाम कसने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। कुख्यात राहुल दुबे गिरोह के अपराधियों की धरपकड़ के लिए गठित एसआईटी टीम ने भूरकुंडा क्षेत्र में मुठभेड़ के बाद गिरोह के सक्रिय सदस्य सनी सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस और अपराधी के बीच हुई इस कार्रवाई में सनी सिंह के पैर में गोली लगी है, जबकि थाना प्रभारी बाल-बाल बच गए।
जानकारी के अनुसार, राहुल दुबे गिरोह के खिलाफ लगातार मिल रही आपराधिक गतिविधियों की सूचनाओं के बाद रामगढ़ पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन किया था। टीम द्वारा भूरकुंडा और पतरातू क्षेत्र में लगातार छापेमारी की जा रही थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि गिरोह का सक्रिय सदस्य सनी सिंह भूरकुंडा इलाके में घूम रहा है और अपने साथियों के साथ मिलकर किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने भूरकुंडा स्थित दुमुहाना मंदिर के आसपास सघन तलाशी अभियान शुरू किया। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति नजर आया। पुलिस जैसे ही उसके करीब पहुंची, उसने पुलिस वाहन को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। अपराधी द्वारा की गई गोलीबारी में पतरातू थाना प्रभारी की गाड़ी के शीशे और बंपर को नुकसान पहुंचा, हालांकि वे सुरक्षित बच निकले।
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिसमें फायरिंग करने वाला अपराधी सनी सिंह गोली लगने से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा। पुलिस ने उसे तत्काल काबू में लेकर प्राथमिक उपचार के बाद सीसीएल अस्पताल, भूरकुंडा भेज दिया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार सनी सिंह रैलीगढ़ा गांव का रहने वाला है और राहुल दुबे गिरोह का सक्रिय सदस्य है। घटनास्थल से पुलिस ने दो देसी पिस्तौल, एक मोबाइल फोन और एक लेदर बैग बरामद किया है। बरामद हथियारों और अन्य सामान की जांच की जा रही है, वहीं आरोपी के आपराधिक इतिहास को भी खंगाला जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा। इलाके में पुलिस की सतर्कता बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी संभावित आपराधिक घटना को रोका जा सके।

