चतरा : सदर थाना क्षेत्र स्थित धर्मपुर गांव में रविवार को एक दर्दनाक और रहस्यमयी घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। गौतम बस के मालिक 45 वर्षीय पिंटू सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिसके बाद गांव से लेकर परिवहन व्यवसायियों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं। कोई इसे आर्थिक तंगी से जुड़ा मामला बता रहा है तो कोई इसके पीछे गहरी साजिश की आशंका जता रहा है।
मृतक पिंटू सिंह, धर्मपुर निवासी लखन सिंह के पुत्र थे और हाल ही में उन्होंने बड़े स्तर पर बस कारोबार शुरू करने की योजना बनाई थी। जानकारी के अनुसार उन्होंने फाइनेंस के जरिए करीब डेढ़ दर्जन सवारी बसें खरीदी थीं। हालांकि, सरकारी स्तर पर रोड परमिट नहीं मिलने के कारण उनका व्यवसाय शुरू नहीं हो सका। बसें खड़ी रहीं और दूसरी ओर किस्तों का दबाव लगातार बढ़ता गया, जिससे वे आर्थिक रूप से काफी परेशान रहने लगे थे।
परिजनों और करीबियों का कहना है कि पिछले कुछ समय से पिंटू सिंह काफी तनाव में थे और अक्सर चिंतित नजर आते थे। उनकी अचानक हुई मौत ने सभी को स्तब्ध कर दिया है। परिवहन व्यवसाय से जुड़े लोगों में शोक की लहर है और हर कोई यही सोचने पर मजबूर है कि आखिर ऐसी कौन सी परिस्थिति बनी कि एक उभरते व्यवसायी को अपनी जान गंवानी पड़ी।
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस घटना को आत्महत्या और हत्या दोनों ही पहलुओं से जांच रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। साथ ही तकनीकी साक्ष्यों को भी खंगाला जा रहा है।
इधर, घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक का माहौल है। फिलहाल इस मामले ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनका जवाब अब पुलिस जांच के बाद ही सामने आ पाएगा।

