Breaking
Mon. Apr 6th, 2026

चाईबासा में भाजपा का स्थापना दिवस समारोह आयोजित, नेताओं ने संगठन विस्तार पर दिया जोर

चाईबासा: भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर पश्चिमी सिंहभूम (चाईबासा) बासाटोंटो में स्थित जिला कार्यालय में एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पार्टी ध्वज फहराने के साथ हुई, जिसके बाद संस्थापक आदर्शों के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने कहा कि भाजपा त्याग, बलिदान और राष्ट्रभक्ति की मजबूत नींव पर खड़ी पार्टी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि जनता का विश्वास संगठन की सबसे बड़ी ताकत है और सभी कार्यकर्ताओं को पार्टी की नीति और सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाना चाहिए।

पूर्व सांसद गीता कोड़ा ने कहा कि भाजपा ने हमेशा गरीब, वंचित और अंतिम पंक्ति के व्यक्ति के उत्थान के लिए काम किया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए लोगों से पार्टी की नीतियों पर विश्वास जताने और विकास यात्रा में भागीदार बनने की अपील की।

जिला अध्यक्ष गीता बलमूचु और प्रदेश प्रवक्ता जे.बी. तुबिड ने संयुक्त रूप से कहा कि भाजपा की स्थापना वर्ष 1980 में अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी जैसे नेताओं द्वारा राष्ट्रवाद, सुशासन और जनसेवा के उद्देश्य से की गई थी। उन्होंने नरेंद्र मोदी के संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि हर कार्यकर्ता को राष्ट्रसेवा के संकल्प के साथ समर्पित भाव से काम करना चाहिए।

इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रसेवा का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम में नगर अध्यक्ष राकेश पोद्दार, रंजन प्रसाद, सनी पासवान, शुरू नंदी, नितिन विश्वकर्मा, दिलीप साहू, जय किशन बिरुली, तरुण सवैया, अक्षय खत्री, पंकज खिरवाल, पिंटू प्रसाद, रूपा दास समेत सैकड़ों कार्यकर्ता और पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं की बड़ी भागीदारी देखने को मिली और संगठन को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

Related Post