Breaking
Sun. Apr 5th, 2026

हाथी के उत्पात से लोग परेशान, मुर्गा फॉर्म को नुकसान पहुंचाया

कोडरमा। बीती रात झुंड से बिछड़ा एक हाथी कोडरमा थाना क्षेत्र के पथलडीहा गांव के पास पहुंच गया और यहां जमकर उत्पात मचाया। वहीं गांव से सटे एक होटल में हाथी पहुंच गया और वहां पहले तो तोड़फोड़ की उसके पश्चात वहां काम करने वाले एक कर्मी को बुरी तरह से जख्मी कर दिया। घायल कर्मी की पहचान मरकच्चो के रहने वाले 35 वर्षीय उपेंद्र साव उर्फ़ छोटू कुमार के रूप में की गई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि देर रात हाथी होटल पर पहुंचा। इस वक्त वह होटल में ही विश्राम कर रहा था कि अचानक हाथी ने उस पर हमला बोल दिया जिससे वह बुरी तरह से जख्मी हो गया। किसी प्रकार उसने आसपास के लोगों को आवाज देकर इकट्ठा किया। लोग वहां पहुंचे और एंबुलेंस को घटना की सूचना दी। हालांकि एंबुलेंस समय से नहीं पहुंची, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने घायल को मोटरसाइकिल से ही सदर अस्पताल कोडरमा पहुंचाया। जहां प्रारंभिक इलाज के पश्चात उपेंद्र की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे रिम्स रेफर कर दिया गया। इधर शनिवार की सुबह पथलडीहा गांव के हुसैन आरिफ, जिनका एक मुर्गा फार्म उक्त होटल के पीछे ही अवस्थित है, वे वहां गए तो देखा कि वहां पर रखे सारे मुर्गे, मुर्गियां गायब थे। हाथी ने फार्म में रखे सारे बर्तनों को तहस नहस कर दिया था। उन्होंने बताया कि बीती रात हाथी के भय से वे फार्म पर नहीं गए। सुबह जाने पर वहां देखा कि हाथी ने वहां जमकर उत्पात मचाया है। उन्होंने कहा कि उन्हें लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। पिछले वर्ष भी हाथियों ने उनका लाखों रुपए का नुकसान किया था, जिसका अभी तक मुआवजा नहीं मिला है। उन्होंने वन विभाग से मुआवजे की मांग की है। बताते चलें कि बीते दो हफ्ते से हाथी लगातार अलग-अलग क्षेत्रों में विचरण कर रहे हैं। वहीं बीते दो सप्ताह पूर्व हाथियों ने तीन लोगों सहित आधे दर्जन मवेशियों को मौत के घाट उतार दिया है। हाथियों के द्वारा लगातार हो रहे हमले व नुकसान से लोगों में भय के साथ-साथ वन विभाग की टीम के खिलाफ काफी रोष भी दिख रहा है।

Related Post