जमशेदपुर के उलीडीह ओपी क्षेत्र में सोमवार शाम करीब 5:30 बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब बाइक सवार अपराधियों ने एक कार को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में डिमना बस्ती निवासी 36 वर्षीय विक्रम सिंह उर्फ विक्की सिंह राजपूत घायल हो गए। गोली उनके हाथ में लगी है, जबकि एक गोली उनकी आल्टो कार में भी जा लगी, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विक्रम सिंह अपने घर के पास ही थे, तभी दो बाइक पर सवार बदमाश पहुंचे और बिना किसी चेतावनी के फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई इस घटना से इलाके में भगदड़ मच गई और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। घटना को अंजाम देने के बाद सभी हमलावर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पटमदा डीएसपी वचनदेव कुजूर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से गोली के खोखे बरामद किए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। घायल विक्रम सिंह को तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों के अनुसार उनकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि इस हमले के पीछे पुरानी रंजिश की भूमिका हो सकती है। बताया जा रहा है कि करीब तीन साल पहले लल्ला नामक युवक के साथ विक्रम का विवाद हुआ था, जिसके बाद से दोनों के बीच तनाव चल रहा था। पुलिस इसी एंगल से मामले की गहन छानबीन कर रही है, हालांकि अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।डीएसपी वचनदेव कुजूर ने बताया कि अभी जांच की जा रही है। अपराधी पकड़े जाएंगे।

