जमशेदपुर।शहर में सोमवार को झारखंड सरकार के नागरिक सुरक्षा विभाग द्वारा एक दिवसीय सेमिनार का आयोजन सिदगोड़ा स्थित टाउन हॉल में किया गया, जिसमें “आपदा में नागरिक सुरक्षा की भूमिका” विषय पर विस्तार से चर्चा हुई। कार्यक्रम की शुरुआत उपविकास आयुक्त नागेंद्र पासवान ने दीप प्रज्वलित कर की। इस अवसर पर उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि आपदा के समय जिला प्रशासन और नागरिक सुरक्षा के बीच बेहतर समन्वय अत्यंत आवश्यक है, ताकि त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने इस दिशा में नियमित और व्यावहारिक प्रशिक्षण की जरूरत पर भी जोर दिया।
सेमिनार में नागरिक सुरक्षा संगठन के चीफ वार्डन अरुण कुमार ने संगठन की कार्यप्रणाली, जिम्मेदारियों और विभिन्न आपदा स्थितियों में निभाई जाने वाली भूमिकाओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षित वॉलंटियर्स किसी भी संकट की घड़ी में राहत और बचाव कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।
कार्यक्रम के दौरान पटना में आयोजित प्रशिक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सिविल डिफेंस अधिकारियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। इसी क्रम में रेल सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर संतोष कुमार को भी उनके उल्लेखनीय योगदान और राष्ट्रपति सम्मान प्राप्त करने की उपलब्धि के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि किस तरह समर्पण और सतत प्रशिक्षण से वे इस मुकाम तक पहुंचे।
इस अवसर पर जिला प्रशासन के अधिकारी, सिविल डिफेंस से जुड़े पदाधिकारी और बड़ी संख्या में युवा वॉलंटियर्स मौजूद रहे। सभी प्रतिभागियों ने सेमिनार से महत्वपूर्ण जानकारी और प्रेरणा प्राप्त की, जिससे भविष्य में आपदा प्रबंधन के कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।

