जमशेदपुर: शहर की सामाजिक एवं धार्मिक संस्था नारायणी सेवा ट्रस्ट, जमशेदपुर के तत्वावधान में तीन दिवसीय धार्मिक कथा ‘नानी बाई रो मायरो’ का आयोजन आज, 31 मार्च से 2 अप्रैल तक किया जा रहा है। यह कार्यक्रम साकची स्थित चंदूलाल अशोक कुमार भालोटिया सभागार, बोधि मंदिर मैदान (राजेंद्र विद्यालय के समीप) में आयोजित होगा।
कथा के दौरान प्रतिदिन पूजा-अर्चना के साथ-साथ दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक विश्वविख्यात आध्यात्मिक प्रवक्ता जया किशोरी अपनी सुमधुर वाणी से श्रद्धालुओं को कथा का रसपान कराएंगी।
आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने में संस्था से जुड़े 101 सहयोगी परिवार सक्रिय रूप से भागीदारी निभा रहे हैं। कथा स्थल पर लगभग 3000 श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था की गई है।
ट्रस्ट के सदस्यों राजकुमार चंदूका, राजकुमार संघी, कैलाश सरायवाला, विजय मित्तल और अनिल नरेडी ने बताया कि पंडाल में प्रवेश के लिए तीन गेट बनाए गए हैं। श्रद्धालुओं को केवल प्रवेश पास के माध्यम से ही अंदर आने की अनुमति होगी, ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके।
इसके अलावा, पंडाल में श्रद्धालुओं के बैठने की जिम्मेदारी पुरुषों के साथ-साथ महिला सदस्यों को भी सौंपी गई है। कथा में भाग लेने के लिए शहर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में भक्तों के पहुंचने की संभावना है।

