चांडिल। सरायकेला खरसावां जिला स्थित चांडिल में जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत बारीडीह बजरंग चौक के रहने वाले दो युवकों की दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। मृतकों की पहचान अमन कुमार (23) और विकास रजक (22) के रूप में हुई है। यह हादसा उस वक्त हुआ जब तीन दोस्त एक जन्मदिन मनाने के लिए मंदिर जा रहे थे।
बताया जाता है कि शनिवार देर रात अमन, विकास और उनके दोस्त कैप्टन शर्मा एक ही बाइक पर सवार होकर देवरी मंदिर की ओर निकले थे। बाइक कैप्टन शर्मा चला रहे थे। जैसे ही वे चांडिल के पास पहुंचे, तभी एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक सड़क पर जा गिरे।
इस हादसे में अमन कुमार और विकास रजक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कैप्टन शर्मा को हल्की चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद अमन और विकास को मृत घोषित कर दिया।
कैप्टन शर्मा ने बताया कि उस दिन अमन का जन्मदिन था और इसी खुशी में सभी दोस्त मंदिर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही यह हादसा हो गया और खुशी का माहौल मातम में बदल गया।
जानकारी के अनुसार, अमन कुमार ट्रांसपोर्ट का काम करता था, जबकि विकास रजक बजाज फाइनेंस में कार्यरत था। घटना की खबर मिलते ही दोनों युवकों के परिजन अस्पताल पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी हुई है।

