Breaking
Sat. Mar 28th, 2026

रामनवमी पर हजारीबाग में हिंसा, मुखिया के भाई की हत्या, एक युवक की हालत गंभीर

हजारीबाग। रामनवमी के पावन अवसर पर जिलेभर में श्रद्धा और उत्साह का माहौल था, लेकिन कुछ स्थानों पर हुई हिंसक घटनाओं ने इस खुशी के माहौल को तनाव में बदल दिया। जुलूस के दौरान हुए विवाद में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है।

कटकमसांडी प्रखंड के गदोखर गांव में शुक्रवार रात रामनवमी जुलूस के दौरान दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। इस दौरान गदोखर पंचायत के मुखिया के भाई राम कुमार साव उर्फ रामा साव (40 वर्ष) पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल राम कुमार को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है।

वहीं, शहर के दीपूगढ़ा क्षेत्र में भी जुलूस के दौरान विवाद हुआ, जिसमें एक युवक को चाकू मार दिया गया। घायल युवक की हालत नाजुक बताई जा रही है। हजारीबाग मेडिकल कॉलेज अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स भेजा गया है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और हालात को नियंत्रण में लिया। कटकमसांडी क्षेत्र में सीओ अनिल कुमार गुप्ता, पेलावल थाना प्रभारी वेदप्रकाश पांडेय और कोर्रा थाना प्रभारी अजीत कुमार दल-बल के साथ पहुंचे और जांच शुरू की।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों घटनाओं को गंभीरता से लिया गया है। आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और चेतावनी दी है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Related Post