Breaking
Sat. Mar 28th, 2026

भीड़ में सक्रिय उच्चकों का गिरोह, महिला का बैग काटकर मोबाइल व नकदी लेकर फरार

जमशेदपुर। मानगो क्षेत्र में भीड़ का फायदा उठाकर चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ताजा मामला उलीडीह थाना क्षेत्र का है, जहां निरंजन सिंह कॉम्प्लेक्स के सामने पोस्ट ऑफिस रोड स्थित आदर्श नगर निवासी संतोषी राव नामक महिला को निशाना बनाते हुए उच्चकों ने उनके बैग को धारदार हथियार से काट दिया और उसमें रखे मोबाइल फोन व नकदी लेकर फरार हो गए।

बताया गया कि घटना के समय महिला बाजार से गुजर रही थीं। इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर बदमाशों ने बड़ी सफाई से उनका बैग काट दिया। कुछ दूरी आगे बढ़ने पर जब महिला को बैग हल्का महसूस हुआ, तब उन्होंने जांच की तो पाया कि बैग कटा हुआ है और उसमें रखा सामान गायब है।

घटना की जानकारी मिलते ही महिला ने भाजपा के पूर्व नेता विकास सिंह को सूचित किया। सूचना पर वे मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने तत्काल प्रशासन को अवगत कराते हुए पीड़िता को साथ लेकर उलीडीह थाना पहुंचे, जहां मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई गई।

इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए विकास सिंह ने कहा कि त्योहारों और भीड़भाड़ के दौरान इस तरह के असामाजिक तत्व सक्रिय हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि “राम के वेश में रावण भी शामिल हैं”, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। उन्होंने प्रशासन से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और ऐसे अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

Related Post