Breaking
Sat. Mar 28th, 2026

सड़क हादसे में अंकित शर्मा की मौत, विधायक सरयू राय ने जताया गहरा शोक

जमशेदपुर। शहर के सिविल कोर्ट के अधिवक्ता प्रतीक शर्मा के छोटे भाई अंकित शर्मा (31) की शुक्रवार देर रात सड़क दुर्घटना में हुई असामयिक मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर है। इस दुखद घटना पर शनिवार को जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने गहरा दुःख व्यक्त किया है और शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने संदेश में सरयू राय ने कहा कि अंकित शर्मा एक होनहार और ऊर्जावान युवक थे, जिनकी इस तरह अचानक हुई मौत अत्यंत पीड़ादायक और मर्माहत करने वाली है। उन्होंने लिखा कि अंकित के परिवार से उनका व्यक्तिगत जुड़ाव रहा है, इसलिए यह क्षति उन्हें भी भीतर तक आहत कर गई है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों को इस कठिन समय में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

बताया जा रहा है कि सरयू राय इन दिनों एक धार्मिक कार्यक्रम के सिलसिले में अयोध्या में हैं, बावजूद इसके उन्होंने दूर रहते हुए भी शोक संदेश जारी कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उल्लेखनीय है कि अंकित शर्मा के बड़े भाई प्रतीक शर्मा लंबे समय तक सरयू राय के सहयोगी के रूप में जुड़े रहे हैं।

इधर, दिवंगत अंकित शर्मा का शनिवार को अंतिम संस्कार स्वर्णरेखा बर्निंग घाट पर विधि-विधान के साथ किया गया, जहां उनके चचेरे छोटे भाई तनिश ने मुखाग्नि दी। अंतिम संस्कार में परिजनों, मित्रों और स्थानीय लोगों की बड़ी संख्या मौजूद रही, जिन्होंने नम आंखों से अंकित को अंतिम विदाई दी।

Related Post