Breaking
Sat. Mar 28th, 2026

सेल की अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई पर बवाल, विरोध के बाद दो दिन की मोहलत

गुवा। पश्चिमी सिंहभूम जिला स्थित गुवा बाजार के डिपासाई और जाटा हाटिंग क्षेत्र में शनिवार को सेल (भारतीय इस्पात प्राधिकरण लिमिटेड) प्रबंधन द्वारा चलाए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान भारी हंगामा हुआ। विस्थापितों के विरोध के बाद प्रशासन को कार्रवाई रोकनी पड़ी और अंततः दो दिनों की मोहलत देने का निर्णय लिया गया।

शनिवार सुबह करीब 11 बजे सेल प्रबंधन ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की। बुलडोजर के माध्यम से जैसे ही विस्थापितों के घरों को तोड़ा जाने लगा, क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।

कार्रवाई की जानकारी मिलते ही विस्थापितों ने विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया। सैकड़ों लोग एकत्र होकर नारेबाजी करने लगे, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की थी। मौके पर अंचलाधिकारी मनोज कुमार दंडाधिकारी के रूप में तैनात थे। प्रखंड विकास पदाधिकारी पप्पू रजक, निरीक्षक वासुदेव मुंडा के साथ गुवा, बड़ाजामदा, नोवामुंड़ी और किरीबुरू थाना प्रभारी भी मौजूद रहे। लगभग 500 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी।

विरोध के दौरान जिला परिषद सदस्य देवकी कुमारी, मुखिया चांदमनी लागुरी और झामुमो नेता मोहम्मद तबारक भी मौके पर पहुंचे और विस्थापितों के समर्थन में खड़े हुए। उन्होंने कहा कि जब तक सभी प्रभावित परिवारों को पुनर्वास के तहत नए घर की चाबी नहीं मिल जाती, तब तक वे अपने पुराने घर खाली नहीं करेंगे।

करीब तीन घंटे तक चले विरोध के कारण स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। प्रशासन ने भीड़ को हटाने की तैयारी कर ली थी और आंसू गैस के उपयोग की स्थिति बन गई थी। हालांकि, हालात को देखते हुए प्रशासन और सेल प्रबंधन ने बातचीत का रास्ता अपनाया।

बातचीत के बाद प्रशासन ने घोषणा की कि जिन विस्थापितों को नए घर की चाबी मिल चुकी है, वे तुरंत मकान खाली करें। वहीं, जिन लोगों को अब तक चाबी नहीं मिली है, उन्हें दो दिनों का समय दिया गया है। इसके बाद विरोध प्रदर्शन समाप्त हो गया और कई लोगों ने घर खाली करना शुरू कर दिया।

Related Post