Breaking
Sat. Mar 28th, 2026

ग्राहक बनकर आए बदमाश ने दुकानदार को मारी गोली, हालत स्थिर

गढ़वा : जिले के श्री बंशीधर नगर अनुमंडल अंतर्गत नरखोरिया गांव में शनिवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां ग्राहक बनकर पहुंचे एक युवक ने दुकान में घुसकर दुकानदार पर गोली चला दी। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है।

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 10:30 बजे उमेश मेहता (50 वर्ष) अपनी दुकान पर रोज की तरह बैठे हुए थे। इसी दौरान एक युवक वहां पहुंचा और सामान्य ग्राहक की तरह सिगरेट और गुटखा मांगा। दुकानदार जैसे ही सामान देने के लिए आगे बढ़े, युवक ने अचानक हथियार निकालकर उन पर फायरिंग कर दी। गोली उनके बाएं कंधे को चीरते हुए निकल गई, जिससे वे लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े।

गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन हमलावर तब तक फरार हो चुका था। स्थानीय लोगों ने बिना देर किए घायल को अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें गढ़वा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों ने उनकी स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर बताई है।

घायल उमेश मेहता ने पुलिस को बताया कि उनका किसी से कोई विवाद नहीं है, जिससे इस हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो पा रही है। घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर हमलावर के बारे में जानकारी जुटाई है। साथ ही तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसकी पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी जारी है।

घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में भय का माहौल है। पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।

Related Post