Breaking
Sat. Mar 28th, 2026

रक्त अधिकोष चाईबासा का अनुज्ञप्ति निर्गत करने की मांग, स्वास्थ्य मंत्री को सौंपा ज्ञापन

चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिला के कांग्रेस प्रवक्ता सह सामाजिक कार्यकर्ता त्रिशानु राय ने शनिवार को जनहित में झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी को चाईबासा परिसदन में ज्ञापन सौंपकर रक्त अधिकोष, चाईबासा का अनुज्ञप्ति निर्गत कराने की मांग की।

सौंपे गए ज्ञापन में त्रिशानु राय ने बताया कि पश्चिम सिंहभूम जिला मुख्यालय स्थित सदर अस्पताल चाईबासा दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले मरीजों के लिए एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र है। यहां बड़ी संख्या में लोग इलाज के लिए पहुंचते हैं, लेकिन वर्तमान में रक्त अधिकोष, चाईबासा में केवल रक्त भंडारण की सुविधा उपलब्ध है।

उन्होंने कहा कि अनुज्ञप्ति निर्गत नहीं होने के कारण जरूरत के अनुसार रक्त उपलब्ध नहीं हो पाता है, जिससे मरीजों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

आपातकालीन ऑपरेशन की स्थिति में रक्त की उपलब्धता नहीं होने के कारण मरीजों को जमशेदपुर और रांची रेफर करना पड़ रहा है। इससे मरीजों की स्थिति गंभीर हो जाती है और किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी रहती है।

त्रिशानु राय ने यह भी बताया कि सदर अस्पताल के साथ-साथ निजी अस्पतालों में इलाज करा रहे मरीजों के परिजनों को भी एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर सहित अन्य स्थानों से रक्त लाना पड़ रहा है, जो स्थानीय लोगों के लिए बड़ी समस्या बन गई है।

इस संबंध में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने आश्वासन दिया कि मामले में आवश्यक पहल की जाएगी।

Related Post