Breaking
Fri. Mar 27th, 2026

ईचागढ़ हत्याकांड का खुलासा: आदित्यपुर के तीन आरोपी गिरफ्तार, युवक की हत्या कर नदी में फेंका शव

ईचागढ़। सरायकेला-खरसावां जिले के ईचागढ़ थाना क्षेत्र में मिले युवक के शव मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। इस हत्याकांड में पुलिस ने आदित्यपुर से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने सुनियोजित तरीके से युवक की हत्या कर शव को नदी में फेंक दिया था।

बताया जाता है कि बीते 14 मार्च को ईचागढ़ के पातकुम पुलिया के नीचे करकरी नदी से एक युवक का शव बरामद हुआ था। मृतक की पहचान आदित्यपुर के सतबहिनी निवासी सूरज यादव उर्फ गोलू यादव के रूप में हुई थी। घटना के बाद मृतक के पिता के आवेदन पर ईचागढ़ थाना में कांड संख्या 11/2026 के तहत अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, चांडिल के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर छानबीन करते हुए तीन आरोपियों—सुमित कुमार, अभिषेक तंतुबाई उर्फ खेटु और पिंटू दिग्गी उर्फ जोगी—को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उन्होंने योजनाबद्ध तरीके से सूरज यादव की हत्या की और पहचान छिपाने के उद्देश्य से शव को पुलिया के नीचे नदी में फेंक दिया। हत्या के बाद आरोपियों ने मृतक का टेम्पु वाहन और मोबाइल फोन भी अपने पास रख लिया था।

आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने मृतक का टेम्पु वाहन (JH05EB 4830), मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और मामले की आगे की जांच जारी है। इस घटना के खुलासे के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

Related Post