Breaking
Fri. Mar 27th, 2026

कुएं में गिरी पत्नी को बचाने कूदा पति, दोनों की डूबने से मौ’त

*गिरिडीह :* गिरिडीह के गांडेय थाना क्षेत्र के गोविन्दपुरा गांव से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। कुएं से पानी भरने के दौरान पैर फिसलने से महिला कुएं में गिर गई। पत्नी को बचाने के लिए पति ने भी बिना देर किए कुएं में छलांग लगा दी, लेकिन दोनों की जान नहीं बच सकी। इस हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

पानी भरते वक्त हुआ हादसा

बताया जा रहा है कि पार्वती देवी रोज की तरह घर के पास स्थित कुएं से पानी भर रही थीं। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ा और वह सीधे कुएं में जा गिरीं। घटना इतनी अचानक हुई कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ ही नहीं पाए।

*पत्नी को बचाने कूदे, लेकिन नहीं बच सके*

पत्नी को कुएं में गिरता देख पति राजेंद्र मुर्मू खुद को रोक नहीं पाए। उन्होंने तुरंत कुएं में छलांग लगा दी, ताकि पार्वती को बचाया जा सके। लेकिन कुएं में पानी ज्यादा होने और गहराई अधिक होने के कारण दोनों डूब गए और बाहर नहीं निकल सके।

*ग्रामीणों ने निकाले शव, पुलिस को दी सूचना*

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने मिलकर काफी प्रयास के बाद दोनों को कुएं से बाहर निकाला, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

*दो मासूम बच्चों के सिर से उठा मां-बाप का साया*

इस हादसे ने परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया है। राजेंद्र और पार्वती के दो छोटे बच्चे हैं, रसीका मुर्मू और अंशु मुर्मू। एक ही पल में दोनों बच्चों के सिर से माता-पिता का साया उठ गया। अब उनकी जिम्मेदारी दादा मखन लाल मुर्मू और दादी पर आ गई है।

*पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया*

घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों का पंचनामा किया। इसके बाद शवों को सदर अस्पताल भेजा गया, जहां पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मामले को लेकर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दोनों की मौत कुएं में डूबने से हुई है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Related Post