जमशेदपुर। रामनवमी के पावन अवसर पर बागबेड़ा कॉलोनी रोड नंबर-1 स्थित बजरंगी खेल मैदान में हर वर्ष की तरह इस बार भी बजरंगी अखाड़ा समिति द्वारा भक्ति और श्रद्धा के साथ नवमी पूजा का आयोजन किया गया। हालांकि इस वर्ष झंडा विसर्जन यात्रा नहीं निकाला गया, जिससे स्थानीय श्रद्धालुओं में थोड़ी कमी महसूस हुई, लेकिन पूजा-अर्चना पूरे उत्साह के साथ संपन्न हुई।
समिति के सदस्यों ने बताया कि बजरंगी अखाड़ा के लाइसेंसी एवं संस्थापक सुबोध झा इन दिनों इलाज के लिए सीएमसी वेल्लोर में भर्ती हैं। उनके अनुपस्थित रहने के कारण इस बार पारंपरिक रामनवमी झंडा जुलूस का आयोजन नहीं किया गया। अखाड़ा समिति के सक्रिय सदस्य कार्तिक कुमार ने कहा कि सुबोध झा के मार्गदर्शन में हर वर्ष भव्य जुलूस निकाला जाता है, लेकिन इस बार उनकी सेहत को देखते हुए केवल पूजा-अर्चना का ही निर्णय लिया गया।
कार्तिक कुमार ने विश्वास जताया कि अगले वर्ष सुबोध झा के स्वस्थ होकर लौटने के बाद रामनवमी का झंडा विसर्जन यात्रा पहले की तरह और भी अधिक धूमधाम से निकाला जाएगा। उन्होंने कहा कि अखाड़ा समिति के सभी सदस्य उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।
नवमी पूजा के दौरान बजरंगी अखाड़ा के प्रमुख सदस्य कार्तिक कुमार झा, संजय सिंह, विशाल सिंह, सोनू रजक, संजय झा, अभिषेक पांडे, सनी शर्मा, यश अग्रहरि, गौरव साहू, अर्मान, दीपक, प्रियांशु राज, प्रिंस, मनीष और धीरज सहित बड़ी संख्या में युवा एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे आयोजन में भक्तिमय माहौल बना रहा और सभी ने मिलकर भगवान बजरंगबली की पूजा कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

