चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिला स्थित झींकपानी थाना क्षेत्र अंतर्गत बेटेया गांव में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की 18 वर्षीय छात्रा बंकी बुडीउली का शव गांव के पास एक पेड़ से लटका हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल बन गया।
परिजनों के अनुसार, बंकी दो दिन पहले ही छात्रावास से अपने घर लौटी थी। बुधवार रात परिवार के सभी सदस्य एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने बाहर गए हुए थे। गुरुवार सुबह जब वे घर लौटे, तो उन्होंने गांव के समीप पेड़ से लटका हुआ बंकी का शव देखा। इकलौती संतान की इस तरह मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है और गांव में मातम पसरा हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने झींकपानी थाना पुलिस को खबर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा की प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामले को प्रेम प्रसंग से जोड़कर देखा जा रहा है, हालांकि अधिकारियों ने अभी किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है। थाना प्रभारी रविरंजन मिश्रा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

