बोकारो: जरीडीह प्रखंड के भस्की पंचायत अंतर्गत टोंडरा गांव की प्रतिभाशाली बेटी पूजा कुमारी ने मिस यूनिवर्स झारखंड 2026 प्रतियोगिता के अंतिम 30 प्रतिभागियों में जगह बनाकर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनके इस चयन की खबर मिलते ही गांव और आसपास के इलाकों में खुशी और गर्व का माहौल बन गया है।
पूजा कुमारी, विकास महतो और रीता महतो की पुत्री हैं। साधारण ग्रामीण परिवेश में पली-बढ़ी पूजा ने अपनी मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के दम पर यह उपलब्धि हासिल की है। जानकारी के अनुसार, प्रतियोगिता की चयन प्रक्रिया में ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों स्तरों पर प्रतिभागियों की कड़ी परीक्षा ली गई, जिसमें सैकड़ों प्रतिभागियों के बीच उन्होंने बेहतर प्रदर्शन कर अंतिम सूची में स्थान बनाया।
अब प्रतियोगिता का फाइनल राउंड 29 मार्च को रांची में आयोजित होगा, जहां सभी चयनित प्रतिभागी खिताब के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी। इस चरण में प्रतिभागियों को लोकप्रियता के आधार पर भी अंक दिए जा रहे हैं, जिससे जनसमर्थन की भूमिका काफी अहम हो गई है।
पूजा की शैक्षणिक यात्रा भी प्रेरणादायक रही है। उन्होंने अपनी दसवीं की पढ़ाई एचएवी उच्च विद्यालय से पूरी की। इसके बाद उन्होंने बेंगलुरु स्थित ईस्ट वेस्ट प्री यूनिवर्सिटी से बारहवीं और सांभ्रम प्रौद्योगिकी संस्थान से कंप्यूटर विज्ञान में बीटेक की डिग्री हासिल की। पढ़ाई के साथ-साथ उन्होंने मॉडलिंग के क्षेत्र में भी लगातार अपनी पहचान बनाई।
स्कूल के दिनों से ही मॉडलिंग में रुचि रखने वाली पूजा ने विभिन्न मंचों पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। बेंगलुरु में आयोजित प्रतियोगिताओं में उन्हें मिस इंडिया रोल मॉडल (प्रतिभा वर्ग) और मिस इंडिया रोल मॉडल (फैशन आइकन) जैसे खिताब भी मिल चुके हैं।
पूजा का कहना है कि वह इस मंच के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव का संदेश देना चाहती हैं। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों की युवतियों को अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित करना उनका मुख्य उद्देश्य है। उनकी इस सफलता में परिवार का अहम योगदान रहा है। उनके बड़े पिता डॉ. जीतलाल महतो, चाचा नंदलाल महतो और बिनोद कुमार महतो सहित परिवार के सभी सदस्यों ने उन्हें हर कदम पर प्रोत्साहित किया है।
पूजा कुमारी की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में नई उम्मीद जगी है। लोगों को विश्वास है कि वह फाइनल राउंड में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर न केवल अपने गांव बल्कि पूरे झारखंड का नाम रोशन करेंगी।

