Breaking
Thu. Mar 26th, 2026

जमशेदपुर में पर्व को लेकर हाई अलर्ट, एसटीएफ डीआईजी ने की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा

जमशेदपुर। शहर में रामनवमी पर्व और झंडा विसर्जन यात्रा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी कड़ी में स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) के डीआईजी इंद्रजीत गुरुवार को जमशेदपुर पहुंचे, जहां उन्होंने वरीय पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर कानून-व्यवस्था की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की।

बैठक में सीनियर एसएसपी पीयूष पांडेय, सिटी एसपी कुमार शिवा आशीष और ग्रामीण एसपी ऋषिभ गर्ग सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। डीआईजी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि पर्व के दौरान शहर में शांति और सौहार्द बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, नियमित गश्त बढ़ाने और असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने को कहा।

बैठक के बाद डीआईजी इंद्रजीत ने पुलिस अधिकारियों के साथ झंडा यात्रा के निर्धारित मार्ग का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रूट पर पड़ने वाले भीड़भाड़ वाले स्थानों, संवेदनशील इलाकों और संभावित अवरोधों का जायजा लिया तथा मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि झंडा यात्रा मार्ग पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए।

साथ ही निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन का इस्तेमाल करने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पांस टीम को भी पूरी तरह अलर्ट रहने को कहा गया है।

पुलिस प्रशासन ने शहरवासियों से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि वे आपसी भाईचारा बनाए रखें और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें, ताकि पर्व का आयोजन शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।

Related Post