जमशेदपुर। एमजीएम थाना क्षेत्र अंतर्गत डिमना स्थित एमजीएम अस्पताल में गुरुवार को होमगार्डों की कथित दबंगई का मामला सामने आया है। आरोप है कि अस्पताल परिसर में तैनात होमगार्डों ने एक मरीज और उसके ड्राइवर के साथ मारपीट की, जिसमें ड्राइवर सुजीत कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके सिर में गहरी चोट आई, जिसके बाद उसे इलाज के दौरान पांच टांके लगाने पड़े। वहीं मरीज राहुल कुमार के साथ भी दुर्व्यवहार किए जाने की बात कही जा रही है।
बताया जाता है कि राहुल कुमार इलाज के लिए अपने ड्राइवर सुजीत कुमार के साथ अस्पताल पहुंचे थे। गाड़ी खड़ी करने के बाद सुजीत थकान के कारण अस्पताल परिसर में फर्श पर लेटकर आराम करने लगा। इसी दौरान वहां मौजूद एक होमगार्ड ने उसे पैर से ठोकर मारकर उठाया और वहां से हटने को कहा। सुजीत ने विनम्रता से थोड़ी देर आराम करने की बात कही, लेकिन होमगार्ड ने उसकी बात अनसुनी कर दी और उसे तत्काल गाड़ी हटाने का निर्देश दिया।
इस बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई और देखते ही देखते मामला विवाद में बदल गया। शोर-शराबा सुनकर राहुल कुमार भी मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालने की कोशिश करने लगे, लेकिन मामला और बिगड़ गया। आरोप है कि दो होमगार्डों ने मिलकर सुजीत कुमार पर हमला कर दिया और उसे बेरहमी से पीटा। मारपीट के दौरान उसे दीवार से टकरा दिया गया, जिससे उसके सिर के पीछे गंभीर चोट लगी और खून बहने लगा।
राहुल कुमार के अनुसार, घटना के समय एक बुजुर्ग होमगार्ड बीच-बचाव करने का प्रयास कर रहा था, जबकि अन्य दो होमगार्ड लगातार मारपीट में लगे थे। हंगामे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए और किसी तरह घायल ड्राइवर को बचाया।
घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस मामले को लेकर लोगों में नाराजगी देखी जा रही है और संबंधित होमगार्डों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठने लगी है।

