Breaking
Thu. Mar 26th, 2026

हाथियों ने महिला समेत दो की कुचलकर मार डाला, वन विभाग की तैयारी पर उठे सवाल

कोडरमा। जिले में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बुधवार रात हुई दर्दनाक घटना ने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। जानकारी के अनुसार, रात करीब 8 बजे मरियमपुर के पास एक हाथी को देखा गया, जिसने पहले एक महिला को कुचलकर मार डाला। इस घटना के बाद जब स्थानीय लोग हाथी को भगाने की कोशिश कर रहे थे, तभी बोनाकाली महिला कॉलेज के समीप हाथी ने 40 वर्षीय बालेश्वर सोरेन को भी अपना शिकार बना लिया। बालेश्वर सोरेन, छोटका सोरेन के पुत्र थे और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद कोडरमा नगर पंचायत क्षेत्र के बोनाकाली और मरियमपुर इलाके में भय का माहौल व्याप्त है। ग्रामीणों के अनुसार, एक हाथी अब भी मरियमपुर से सटे जंगलों में छिपा हुआ है और कभी भी दोबारा हमला कर सकता है। वहीं, बागीटांड़ के पास कोडरमा घाटी के जंगलों में हाथियों के एक झुंड के देखे जाने की भी सूचना है, जिससे लोगों की चिंता और बढ़ गई है।

सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन हाथियों को प्रभावी तरीके से खदेड़ने में सफल नहीं हो सकी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि विभाग के पास पर्याप्त संसाधनों का अभाव है। उनका कहना है कि टीम केवल टॉर्च के सहारे हाथियों को भगाने का प्रयास करती रही, जो नाकाफी साबित हुआ। इस कारण लोगों में वन विभाग की कार्यशैली को लेकर नाराजगी देखी जा रही है।

वन विभाग के रेंजर राम बाबू ने बताया कि हाथियों को लोकेट कर उन्हें जंगल की ओर खदेड़ने का प्रयास जारी है। उन्होंने कहा कि मृतकों के परिजनों को नियमानुसार 4 लाख रुपये मुआवजा देने का प्रावधान है, जिसमें से फिलहाल 25 हजार रुपये की सहायता राशि दी गई है।

फिलहाल, इलाके में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और ग्रामीणों में दहशत का माहौल है, जबकि प्रशासन के सामने हाथियों के बढ़ते खतरे से निपटने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है।

Related Post