दुमका। जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां नगर थाना क्षेत्र स्थित दुधानी टॉवर चौक के एक होटल में गुरुवार को एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किया गया। मृतक की पहचान गोड्डा जिले के बोआरिजोर थाना क्षेत्र के सकरीकित्ता रामपुर निवासी मोहम्मद सादिक हुसैन अंसारी के रूप में हुई है, जो पेशे से मदरसा शिक्षक थे।
जानकारी के अनुसार, सादिक हुसैन अंसारी एक महिला के साथ होटल में ठहरे हुए थे। गुरुवार को होटल कर्मियों को कमरे से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर संदेह हुआ, जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची नगर थाना पुलिस ने कमरे का दरवाजा खुलवाया और सादिक को अचेत अवस्था में पाया। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर पहलू से जांच में जुट गई है।
इस बीच, पुलिस ने मृतक के साथ होटल में ठहरी महिला को हिरासत में ले लिया है। महिला की पहचान बोआरिजोर थाना क्षेत्र के बनगांव निवासी राधिका राय के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में यह सामने आया है कि मृतक और महिला दोनों पहले से विवाहित थे और उनके बीच कथित तौर पर प्रेम संबंध थे, जिसके चलते वे दुमका आए थे।
महिला ने पुलिस को बताया कि सादिक खाना खाने के बाद कमरे में लौटे थे, तभी अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे तड़पने लगे। कुछ देर बाद जब वे शांत हो गए तो महिला ने समझा कि वे सो गए हैं। लेकिन काफी समय तक कोई हलचल नहीं होने पर उसे अनहोनी की आशंका हुई, जिसके बाद उसने शोर मचाकर होटल कर्मचारियों को बुलाया।
फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, ताकि मौत के सही कारणों का पता चल सके।

