चतरा : जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बगरा मोड़ के समीप एक तेज रफ्तार ट्रक ने 50 वर्षीय आशा देवी को कुचल दिया। घटना स्थल पर ही उनकी मौत हो गई। मृतिका लावालौंग थाना क्षेत्र के कासीमहुआ गांव निवासी थीं और बेटी के घर से लौट रही थीं। जानकारी के अनुसार, आशा देवी सड़क पार कर रही थीं, तभी अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें चपेट में ले लिया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही गुस्साए ग्रामीणों ने मृतिका के शव को सड़क पर रखकर यातायात जाम कर दिया। उन्होंने उचित मुआवजे और ट्रक चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। मृतिका के पुत्र जुगेश्वर साव ने कहा, जब तक मुआवजा नहीं मिलता, सड़क जाम रहेगा। प्रशासन कई घंटों से कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है। इस दौरान गुस्साए ग्रामीणों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। भाजपा नेता विनोद बिहारी ने आरोप लगाते हुए कहा कि यह ट्रांसपोर्टिंग रोड नहीं है, फिर भी कोयला गाड़ियों और ट्रकों की लापरवाही से कई लोग कुचले जा रहे हैं। सिमरिया अंचल अधिकारी गौरव कुमार ने गुस्साए ग्रामीणों को समझाने बुझाने की प्रयास कर रहे हैं उन्होंने आश्वासन दिया कि मृतिका के परिजनों को उचित मुआवजा दिलाया जाएगा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

