Breaking
Wed. Mar 25th, 2026

मॉडिफाइड साइलेंसर 151 साइलेंसरों पर पुलिस ने चलाया रोड रोलर

जमशेदपुर: शहर में ध्वनि प्रदूषण के खिलाफ पुलिस ने कड़ा कदम उठाते हुए बुधवार को साकची थाना परिसर के सामने 151 मॉडिफाइड साइलेंसरों को नष्ट कर दिया। ट्रैफिक पुलिस द्वारा जब्त किए गए इन साइलेंसरों पर रोड रोलर चलाकर पूरी तरह खत्म कर दिया गया।

बताया गया कि ये साइलेंसर शहर के साकची, बिष्टुपुर, गोलमुरी, टेल्को, जुगसलाई और मानगो समेत विभिन्न इलाकों से पकड़ी गई बुलेट मोटरसाइकिलों से निकाले गए थे। लंबे समय से ट्रैफिक पुलिस इन अवैध साइलेंसरों को जब्त कर जमा कर रही थी, जिसके बाद सामूहिक रूप से इन्हें नष्ट करने की कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार, इन मॉडिफाइड साइलेंसरों से अत्यधिक तेज आवाज निकलती थी, जिससे शहर में ध्वनि प्रदूषण फैल रहा था और आम लोगों, खासकर मरीजों व सड़क किनारे रहने वालों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

सिटी एसपी कुमार शिवा आशीष ने कहा कि ऐसे साइलेंसर लगाकर लोग अनावश्यक शोर और दहशत फैलाते हैं, जिसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और जिन वाहनों में इस तरह के साइलेंसर लगे पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही संबंधित वाहन चालकों से जुर्माना भी वसूला गया है।

पुलिस का कहना है कि इस कार्रवाई का उद्देश्य शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखना और ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण करना है, ताकि नागरिकों को बेहतर और सुरक्षित माहौल मिल सके।

Related Post