Breaking
Wed. Mar 25th, 2026

गुटखे पर तकरार, जान पर बन आई: पत्नी की राजश्री खाने की लत से परेशान पति ने निगला जहर, हालत गंभीर

बहोरीबंद (कटनी): कटनी जिले के बहोरीबंद क्षेत्र में गृह क्लेश और एक अजीबोगरीब लत के चलते एक युवक द्वारा जहर खाकर आत्महत्या के प्रयास का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पत्नी द्वारा ‘राजश्री’ गुटखा खाने की आदत न छोड़ने से आहत होकर पति ने जहरीला पदार्थ घटक लिया। युवक को गंभीर हालत में बहोरीबंद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल कटनी के लिए रेफर कर दिया है।

समझाने पर भी गुटखा छोड़ने को तैयार नहीं थी पत्नी: मिली जानकारी के अनुसार, बहोरीबंद क्षेत्र के निवासी पीड़ित पति अपनी पत्नी की गुटखा खाने की आदत से लंबे समय से परेशान था। पति लगातार पत्नी को गुटखा (राजश्री) छोड़ने के लिए समझाइश दे रहा था, क्योंकि इससे न सिर्फ स्वास्थ्य का नुकसान हो रहा था बल्कि पारिवारिक शांति भी भंग हो रही थी। लेकिन पत्नी अपनी इस लत को छोड़ने को तैयार नहीं थी।

तकरार के बाद उठाया खौफनाक कदम: बीते दिन इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच एक बार फिर तीखी नोकझोंक हुई। पति ने जब गुटखा खाने से मना किया, तो पत्नी अपनी जिद पर अड़ गई। पत्नी की इस बेरुखी और अपनी बात की अनदेखी से आहत होकर आवेश में आए पति ने घर में रखा जहरीला पदार्थ खा लिया।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से जिला अस्पताल रेफर: पति की तबीयत बिगड़ते देख परिजनों के हाथ-पांव फूल गए। आनन-फानन में उसे बहोरीबंद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टरों ने युवक का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत में सुधार न होने और स्थिति नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए जिला स्वास्थ्य केंद्र (कटनी जिला अस्पताल) के लिए रेफर कर दिया है। पुलिस को मामले की सूचना दे दी गई है और पुलिस परिजनों के बयान के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

Related Post