Breaking
Wed. Mar 25th, 2026

रामनवमी विसर्जन को लेकर उपायुक्त ने संभाली कमान,घाटों का किया निरीक्षण

जमशेदपुर। रामनवमी विसर्जन को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में बुधवार को उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने शहर के प्रमुख विसर्जन घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उपायुक्त ने स्वर्णरेखा नदी तट स्थित विभिन्न घाटों के साथ दोमुहानी, बालूघाट, बेलीबोधन, ग्रीन पार्क/डीवीसी, बागबेड़ा घाट और शास्त्रीनगर क्षेत्र का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुव्यवस्थित व्यवस्था प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बैरिकेडिंग और समतलीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि हादसों की संभावना को कम किया जा सके। साथ ही गोताखोरों और आपदा प्रबंधन टीमों को पूरी तरह सतर्क रहने को कहा गया है, जिससे किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।

उपायुक्त ने नगर निकाय और जुस्को के प्रतिनिधियों को घाटों तक पहुंचने वाले मार्गों की मरम्मत, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई और अन्य नागरिक सुविधाओं को समय पर दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विसर्जन के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, ऐसे में बुनियादी सुविधाओं का बेहतर होना बेहद जरूरी है।

कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए घाटों और शोभायात्रा मार्गों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस को विशेष निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा भीड़ नियंत्रण के लिए वॉच टावर, माइक सेट और ड्रोन व वीडियो कैमरों से निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।

उपायुक्त ने सभी अखाड़ा समितियों और आयोजकों से अपील की कि वे प्रशासन का सहयोग करें और सरकार द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों, विशेष रूप से झंडा की निर्धारित ऊंचाई समेत अन्य नियमों का पालन करें, ताकि पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराया जा सके।

इस दौरान सिटी एसपी कुमार शिवाशीष, अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम अर्णव मिश्रा, उप नगर आयुक्त कृष्णा कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी धनंजय, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर राहुल आनंद सहित पुलिस और प्रशासन के अन्य अधिकारी एवं आयोजन समितियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Post