चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा स्थित आशा किरण मुखबधिर विद्यालय के प्रांगण में सृजन महिला विकास मंच के तत्वावधान में विद्यालय का 15वां वार्षिकोत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त चंदन कुमार ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
इस अवसर पर जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्वेता भारती, गोपनीय प्रभारी कुमार हर्ष, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा कोषांग खुशेन्द्र सोनकेशरी, जिला खेल पदाधिकारी मार्कस हेंब्रम सहित विद्यालय के छात्र-छात्राएं, अभिभावक और विभिन्न गैर सरकारी एवं सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के पारंपरिक स्वागत, अंग वस्त्र और मोमेंटो देकर सम्मान के साथ हुई। इसके बाद सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस दौरान बच्चियों ने स्वागत गान प्रस्तुत किया, वहीं मुखबधिर छात्राओं ने मंगलाचरण नृत्य से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
उपायुक्त चंदन कुमार ने कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के बच्चों द्वारा तैयार हैंडक्राफ्ट सामग्री की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। साथ ही उन्होंने बच्चों की पढ़ाई में सहायता के लिए नवनिर्मित डिजिटल लैब का फीता काटकर लोकार्पण किया।
अपने संबोधन में उपायुक्त ने कहा कि मुखबधिर बच्चों को समाज में आगे बढ़ाने के लिए समान अवसर देना आवश्यक है। उन्होंने विद्यालय के शिक्षकों और कर्मियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि विशेष बच्चों को सही मार्गदर्शन और अवसर मिलने पर वे भी समाज में अपनी अलग पहचान बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि हमें इन बच्चों को कमी के नजरिए से नहीं, बल्कि उनकी विशेष प्रतिभा और क्षमता को पहचान कर आगे बढ़ाने की जरूरत है, ताकि उनका समग्र विकास और उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित हो सके।

