Breaking
Tue. Mar 24th, 2026

लापरवाही की भेंट चढ़ी प्रसूता, परिजनों का भारी हंगामा

कोडरमा ।। सतगावां प्रखंड के बासोडीह ग्राम पंचायत अंतर्गत मोदीडीह टोला में उस वक्त मातम पसर गया, जब प्रसव के लिए अस्पताल गई एक 22 वर्षीया नवविवाहिता की मौत इलाज के दौरान हो गई। मृतका की पहचान मोदीडीह निवासी मोहम्मद हबीब की पुत्री तरनुम प्रवीण 22 वर्ष के रूप में हुई है। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतगावां के कर्मियों पर घोर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। जानकारी के अनुसार, तरनुम प्रवीण की शादी मोहम्मद वाजिद से अप्रैल 2025 में बिहार शरीफ छजू मोहल्ला में हुई थी। वह अपने पहले प्रसव के लिए मायके आई हुई थी। रविवार सुबह लगभग 9 बजे प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने उसे सीएचसी सतगावां में भर्ती कराया। रविवार शाम करीब 3 बजे उसने एक बच्ची को जन्म दिया। परिजनों का आरोप है कि प्रसव के बाद लगातार रक्तस्राव (ब्लीडिंग) हो रहा था। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात नर्सों से बार-बार मरीज को बेहतर इलाज के लिए रेफर करने की गुहार लगाई, लेकिन स्वास्थ्य कर्मियों ने इसमें भारी देरी की। अंततः रात 12 बजे उसे सदर अस्पताल कोडरमा रेफर किया गया। सदर अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने बताया कि प्रसव के दौरान नस कट जाने के कारण खून नहीं रुक रहा है, और इलाज के दौरान ही उसने दम तोड़ दिया। सोमवार को शव के साथ सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण और परिजन सीएचसी सतगावां पहुंचे और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। परिजनों का कहना है कि नर्सों की लापरवाही के कारण यह जान गई है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन और प्रखंड विकास पदाधिकारी ओम प्रकाश बड़ाईक मौके पर पहुंचे और आक्रोशित परिजनों को समझाने का प्रयास करते हुए आश्वासन दिया कि परिवार को सरकारी योजनाओं का लाभ और बच्चों के भरण-पोषण के लिए आर्थिक सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

Related Post