Breaking
Tue. Mar 24th, 2026

मनोहरपुर में नए इंग्लिश मीडियम स्कूल की शुरुआत, ग्रामीण बच्चों को मिलेगा आधुनिक शिक्षा का अवसर

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर क्षेत्र में शिक्षा के क्षेत्र को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। मंगलवार को यहां नवनिर्मित हिल ट्रीस पब्लिक इंग्लिश स्कूल का विधिवत उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन स्थानीय विधायक जगत मांझी ने फीता काटकर किया।

उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि इस तरह के आधुनिक इंग्लिश मीडियम विद्यालयों की स्थापना से ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को भी बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में अंग्रेजी माध्यम और आधुनिक शिक्षण पद्धति बेहद जरूरी हो गई है, ऐसे में यह विद्यालय स्थानीय विद्यार्थियों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलेगा।

उन्होंने विद्यालय प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्थान न सिर्फ बच्चों को अच्छी शिक्षा देगा, बल्कि उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए भी तैयार करेगा। बेहतर सुविधाओं और शैक्षणिक माहौल के कारण छात्र-छात्राएं विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ सकेंगे।

इस मौके पर जिला परिषद उपाध्यक्ष रंजीत यादव और जिप सदस्य जयप्रकाश महतो ने भी अपने विचार साझा किए और विद्यालय की सफलता की कामना की। कार्यक्रम में स्कूल के प्रिंसिपल इमरान अली के साथ प्रबंधन समिति के सदस्य एैनुल हक, शौकत अली, इरफान अली, मुस्तर अली सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भागीदारी देखने को मिली, जिससे क्षेत्र में शिक्षा को लेकर उत्साह स्पष्ट नजर आया। इस नए विद्यालय के शुरू होने से मनोहरपुर और आसपास के क्षेत्रों में शिक्षा के स्तर में सकारात्मक बदलाव आने की उम्मीद जताई जा रही है।

Related Post