Breaking
Mon. Mar 23rd, 2026

इंसास राइफल की सफाई के दौरान चली गोली, जवान अजय किशोर खाका की मौत

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोंटो थाना क्षेत्र से एक दुखद घटना सामने आई है, जहां ड्यूटी पर तैनात एक जवान की अपनी ही सर्विस राइफल से चली गोली लगने से मौत हो गई। मृतक की पहचान अजय किशोर खाका के रूप में हुई है, जो जिला पुलिस बल में कार्यरत थे।

सोमवार को एसडीपीओ राफेल मुर्मू ने बताया कि अजय किशोर खाका टोंटो थाना क्षेत्र के पालीसाई स्थित सीआरपीएफ कैंप में ड्यूटी पर तैनात थे। रविवार शाम घटना उस समय हुई जब वे अपनी इंसास राइफल की नियमित सफाई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक राइफल से गोली चल गई, जो सीधे उन्हें जा लगी।

गोली की आवाज सुनते ही कैंप में हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद अन्य जवान तुरंत उनकी मदद के लिए पहुंचे और उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि अजय किशोर खाका गुमला जिले के रायडीह क्षेत्र के निवासी थे। घटना की सूचना मिलते ही एसपी अमीत रेणु मौके और पुलिस पदाधिकारी पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल, घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

Related Post