जमशेदपुर के आज़ाद नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत जवाहर नगर रोड नंबर 12 के पास कपाली निवासी राजन खान पर तलवार से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है।
पीड़ित राजन खान ने बताया कि रविवार रात करीब 9:30 बजे वह करलोस जैस्मिन फ्लैट, रोड नंबर 12 स्थित अपने दोस्त शारिक के घर जा रहे थे। जैसे ही उन्होंने अपनी कार पार्क कर बाहर कदम रखा, उसी दौरान मोहम्मद नईम नामक युवक, जो कथित तौर पर नशे की हालत में था, वहां पहले से तलवार लहरा रहा था।
इसी बीच आरोपी अचानक राजन खान के पास पहुंचा और उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने करीब 20 से 25 बार वार करने की कोशिश की। किसी तरह खुद का बचाव करते हुए राजन खान वापस कार के अंदर घुस गए और तुरंत आज़ाद नगर थाना को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी मोहम्मद नईम को हिरासत में लेकर थाना ले आई। इस मामले में आज़ाद नगर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है और पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
पीड़ित का कहना है कि वह आरोपी को पहले से नहीं जानते थे और ना ही कभी कोई संपर्क रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार आरोपी नशे का आदी है और उसकी हरकतों से पूरी बस्ती परेशान है।

