समाजसेवी गुरमीत सिंह डांग की पहल, निरसा मोड़ से हटे महीनों से पड़े पत्थर व पाइप
निरसा के जाने-माने समाजसेवी गुरमीत सिंह डांग ने जनहित में सराहनीय पहल करते हुए निरसा मोड़ पर महीनों से पड़े पत्थर और पाइप को अपने खर्च पर जेसीबी बुलवाकर हटवाया. लंबे समय से सड़क किनारे पड़े ये पत्थर और पाइप आम लोगों के लिए परेशानी का कारण बने हुए थे. आए दिन महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग इनसे टकराकर गिर जाते थे, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती थी.
स्थानीय लोगों के अनुसार कई बार इस समस्या को लेकर शिकायत भी की गई थी, लेकिन समाधान नहीं हो सका था. ऐसे में समाजसेवी गुरमीत सिंह डांग ने स्वयं पहल करते हुए जेसीबी मशीन मंगवाकर रास्ते से पत्थर और पाइप हटवाया, जिससे लोगों को काफी राहत मिली है.
स्थानीय नागरिकों ने उनके इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की पहल समाज के लिए प्रेरणादायक है. अब रास्ता साफ होने से लोगों का आवागमन सुगम हो गया है और दुर्घटनाओं की आशंका भी कम हो गई है.

