Breaking
Sun. Mar 22nd, 2026

ईद-उल-फितर पर मानगो ईदगाह में उमड़ा जनसैलाब, प्रशासनिक अधिकारियों ने दी मुबारकबाद

जमशेदपुर: जमशेदपुर के मानगो स्थित सबसे बड़े ईदगाह में ईद-उल-फितर के अवसर पर करीब 16,000 लोगों ने सामूहिक रूप से नमाज अदा की। इस मौके पर पूरे क्षेत्र में उत्साह और भाईचारे का माहौल देखने को मिला।

ईद की नमाज मुफ्ती ओवेश रज़ा अलअजहरी ने अदा कराई। नमाज के बाद विशेष दुआ की गई, जिसमें देश में अमन-चैन, आपसी भाईचारे और मुस्लिम समाज की तरक्की के लिए प्रार्थना की गई। साथ ही देश के सभी नागरिकों की सलामती और खुशहाली की भी दुआ मांगी गई।

नमाज के बाद प्रशासन और समाज के बीच सौहार्द का सुंदर उदाहरण देखने को मिला। पटमदा डीएसपी बच्चनदेव कुजूर, आजादनगर थाना प्रभारी चंदन कुमार तथा मानगो नगर निगम के ब्रांड एम्बेसडर मुख्तार आलम खान ने ईदगाह पहुंचकर इमाम एवं मदरसा दारुल किरात के फाउंडर चेयरमैन मुख्तार शफी भाई को फूलों का गुलदस्ता भेंट किया और गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी।

इस अवसर पर मानगो क्षेत्र के कई गणमान्य लोग, समाजसेवी और बुद्धिजीवी उपस्थित रहे। इनमें मदीना मस्जिद के मोहम्मद जावेद, मकबूल आलम, पीस कमिटी के सदस्य शाहिद परवेज, मोहम्मद मोइनुद्दीन अंसारी, तुफैल अख्तर अंसारी, एमजीएम मेडिकल कॉलेज के सर्जन डॉ. जहांजेब खान, अफताब आलम, बागानशाही के शमशेर आलम, मास्टर सिद्धिक अली, अल कबीर पॉलिटेक्निक कॉलेज के ताहिर खान, मोहम्मद सलीम खान और मोहम्मद फैज आलम सन्नी समेत अन्य लोग शामिल रहे।

ईद के इस मौके पर लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बधाइयां दीं और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।

Related Post