कोडरमा। जिले में बेलगाम दौड़ रहे हाइवा वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला नवलशाही थाना क्षेत्र का है, जहां एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। इलाज के लिए अस्पताल ले जाई जा रही डेढ़ वर्षीय बच्ची ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार गिरिडीह जिले के घोड़थम्बा निवासी विनोद पांडेय अपनी डेढ़ वर्षीय भतीजी आयुषी कुमारी को इलाज के लिए कोडरमा सदर अस्पताल ला रहे थे। बच्ची की तबीयत खराब होने के कारण उसे एंबुलेंस से लाया जा रहा था। एंबुलेंस में विनोद पांडेय के साथ प्रमिला देवी और महेश पांडेय भी सवार थे।
बताया जाता है कि जैसे ही एंबुलेंस कोडरमा-जमुआ मुख्य मार्ग पर नवलशाही थाना क्षेत्र के पहाड़पुर के पास पहुंची, तभी विपरीत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार हाइवा ने अचानक चकमा दे दिया। इस दौरान एंबुलेंस चालक नियंत्रण खो बैठा और वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एंबुलेंस के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। सभी घायलों को पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान मासूम आयुषी कुमारी की मौत हो गई। अन्य घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए कोडरमा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
इस हादसे ने एक बार फिर जिले में बेकाबू हाइवा वाहनों के संचालन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में अवैध और तेज रफ्तार से चलने वाले हाइवा पर प्रशासन की ओर से कोई सख्त कार्रवाई नहीं की जा रही है, जिसके कारण आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं और निर्दोष लोगों की जान जा रही है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे वाहनों की जांच और नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

