जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र में स्वर्णरेखा नदी के पास शनिवार को एक बड़े हादसे की आशंका उस समय टल गई, जब करीब 250 किलो वजनी जिंदा बम को समय रहते सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया गया। यह बम पानीपड़ा-नागुड़साई गांव के समीप बालू खनन के दौरान मिला, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, खनन कार्य में लगे मजदूरों को खुदाई के दौरान एक सिलेंडरनुमा भारी वस्तु दिखाई दी। पास जाकर देखने पर उस पर ‘AN-M64’ और “Made in America” लिखा पाया गया। संदेह होने पर तुरंत स्थानीय प्रशासन को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र को खाली कराया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए बम निरोधक दस्ता और सेना की विशेषज्ञ टीम को बुलाया गया। पूरे इलाके को सुरक्षा घेराबंदी में लेकर आम लोगों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई। इसके बाद विशेषज्ञों ने बम की जांच की, जिसमें यह अत्यंत शक्तिशाली और खतरनाक पाया गया। प्रारंभिक अनुमान है कि यह बम द्वितीय विश्व युद्ध के समय का हो सकता है, जो वर्षों से जमीन में दबा हुआ था।
लंबी तैयारी और सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए सेना की टीम ने कंट्रोल्ड ब्लास्ट के जरिए इस जिंदा बम को सफलतापूर्वक नष्ट कर दिया। इस दौरान पूरी सतर्कता बरती गई, जिससे किसी प्रकार की जनहानि या संपत्ति का नुकसान नहीं हुआ।
घटना के बाद प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। साथ ही आसपास के इलाके में जांच अभियान भी चलाया जा रहा है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कहीं और कोई विस्फोटक सामग्री दबे होने की संभावना तो नहीं है।

