Breaking
Sat. Mar 21st, 2026

जमशेदपुर में ईद-उल-फितर पर गूंजा भाईचारे और मोहब्बत का पैगाम, राजधानी न्यूज परिवार ने दी दिली मुबारकबाद

जमशेदपुर: मुकद्दस रमजान के पाक महीने के मुकम्मल होने के बाद ईद-उल-फितर का त्योहार जमशेदपुर में पूरे जोश, अकीदत और उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही शहर की मस्जिदों और ईदगाहों में नमाजियों की भारी भीड़ उमड़ी, जहां लोगों ने अल्लाह की बारगाह में सजदा कर अमन, तरक्की और खुशहाली की दुआ मांगी। नमाज के बाद एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद देने का सिलसिला दिनभर चलता रहा, जिससे पूरे शहर में भाईचारे और सौहार्द का माहौल देखने को मिला।

इस मुबारक मौके पर राजधानी न्यूज परिवार की ओर से जमशेदपुर सहित पूरे राज्य और देशवासियों को दिली मुबारकबाद पेश की गई। संस्था ने अपने संदेश में कहा कि ईद-उल-फितर सिर्फ खुशियां मनाने का पर्व नहीं, बल्कि यह मोहब्बत, इंसानियत और भाईचारे का प्रतीक है, जो समाज को एकता के सूत्र में पिरोने का काम करता है।

राजधानी न्यूज परिवार ने दुआ की कि अल्लाह तआला सभी के जीवन में अमन-चैन, खुशहाली और कामयाबी अता फरमाए। साथ ही यह भी कहा गया कि ईद का यह पावन अवसर हमें एक-दूसरे के प्रति प्रेम, सम्मान और सहयोग की भावना को मजबूत करने की प्रेरणा देता है।

जमशेदपुर में ईद के अवसर पर बाजारों में भी खास रौनक देखने को मिली। लोगों ने नए कपड़े पहने, घरों में सेवइयां और लजीज पकवान बनाए गए तथा बच्चों में खास उत्साह नजर आया। कुल मिलाकर ईद-उल-फितर का यह पर्व शहर में आपसी सौहार्द, प्रेम और एकजुटता का संदेश देता हुआ शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।

ईद-उल-फितर की इस खुशी भरे अवसर पर राजधानी न्यूज परिवार ने एक बार फिर सभी को मुबारकबाद देते हुए समाज में शांति और भाईचारे को बनाए रखने की अपील की।

Related Post