कोडरमा। शराब के नशे में पत्नी के साथ मारपीट करने के मामले में पत्नी द्वारा लिखित शिकायत किए जाने के मामले में कोडरमा जिले की जयनगर पुलिस द्वारा थाना लाए गए एक व्यक्ति ने हाजत में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। मृतक की पहचान परसाबाद के कटिया गांव निवासी विजय यादव के रूप में की गई है। मामले की जानकारी देते हुए मुख्यालय डीएसपी रतिभान सिंह ने बताया कि बीती रात विजय यादव की पत्नी चमेली देवी ने परसाबाद पिकेट में जाकर एक लिखित आवेदन देकर यह शिकायत की थी कि उनके पति शराब के नशे में उनके पति उनके साथ मारपीट कर रहे हैं। वे आए दिन इनके साथ मारपीट, गाली गलौच व दुर्व्यवहार करते हैं। उक्त आवेदन के आलोक में परसाबाद पिकेट प्रभारी प्रमोद सिंह कटिया गांव विजय यादव के घर गए और विजय को हिरासत में लेकर जयनगर थाने ले आए। इसके पश्चात विजय को जयनगर थाना के हाजत में ही रखा गया था। इधर शुक्रवार की सुबह जयनगर पुलिस द्वारा विजय को नाश्ता कराया गया था और वह पूरी तरह स्वस्थ भी था। इसी बीच सुबह करीब 11 बजे उसकी पत्नी व पुत्री थाने आई और विजय से बातचीत की। बातचीत के पश्चात पत्नी और पुत्री थाने से बाहर निकल गई। इन सब के बीच पुलिस की थोड़ी सी गैरमौजूदगी हुई और विजय ने फांसी लगा ली। जिसके पश्चात पुलिस विजय को आनन फानन में लेकर सदर अस्पताल पहुंची, जहां मौजूद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इधर जयनगर पुलिस का कहना है कि उसके गले में धागे का एक माला था, उसी से उसने अपने गले को दबा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। मगर सदर अस्पताल के चिकित्सक का कहना है कि उसकी मौत फांसी लगाने के कारण हुई है। अब पोस्टमार्टम आने के पश्चात ही यह मामला स्पष्ट हो पाएगा। इधर मुख्यालय डीएसपी रतिभान सिंह ने साफ तौर पर कहा कि अगर इस मामले में किसी भी पुलिसकर्मी की लापरवाही सामने आती है तो उसपर विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

