Breaking
Sat. Mar 21st, 2026

टेल्को क्लब में सजी ‘बैसाख बहार’ प्रदर्शनी, 20+ महिला उद्यमियों को मिला मंच

महिलाओं के हुनर का उत्सव ‘बैसाख बहार’, टेल्को क्लब में आकर्षण का केंद्र

जमशेदपुर: शहर के टेल्को क्लब में तिलोत्तमा ग्रुप की ओर से आयोजित दो दिवसीय ‘बैसाख बहार’ प्रदर्शनी ने महिला उद्यमिता को एक नया मंच प्रदान किया है। वर्ष 2015 में शुरू हुई इस पहल का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उनके हुनर को पहचान दिलाना है।

इस प्रदर्शनी का उद्घाटन मुख्य अतिथि मंजू रानी सिंह की उपस्थिति में हुआ। आयोजन को सफल बनाने में अंतरा चक्रवर्ती और अनिर्बान चक्रवर्ती की अहम भूमिका रही। कार्यक्रम में 20 से अधिक महिला उद्यमियों ने अपने उत्पादों की आकर्षक स्टॉल लगाई हैं, जिन्हें शहरवासियों से उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिल रही है।

प्रदर्शनी में ग्राहकों के लिए ‘चैत्र सेल’ के तहत 50 प्रतिशत तक की छूट दी जा रही है, जिससे खरीदारी को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। यहां कपड़े, ज्वेलरी, होम डेकोर आइटम, एवॉन कैंडल्स, टपरवेयर उत्पाद, लड्डू गोपाल के वस्त्र और नवरात्रि विशेष माता रानी के परिधान सहित कई आकर्षक और उपयोगी सामान उपलब्ध हैं।

आयोजकों का कहना है कि ऐसे आयोजनों से महिला उद्यमियों को न केवल अपने उत्पादों को प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है, बल्कि वे आर्थिक रूप से सशक्त बनने की दिशा में भी आगे बढ़ती हैं। उन्होंने शहरवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर महिला उद्यमियों का उत्साहवर्धन करें।

Related Post