Breaking
Fri. Mar 20th, 2026

साकची में ‘जमशेदपुर हाट–पलाश मार्ट’ का शुभारंभ, स्थानीय उत्पादों को मिलेगा नया बाजार

जमशेदपुर। साकची स्थित प्रमुख वाणिज्यिक क्षेत्र में जिला प्रशासन की पहल पर शुक्रवार को‘जमशेदपुर हाट–पलाश मार्ट’ का विधिवत शुभारंभ उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने किया। इस पहल का उद्देश्य स्थानीय कारीगरों, स्वयं सहायता समूहों और छोटे उद्यमियों को एक सशक्त मंच प्रदान करना है, जहां वे अपने पारंपरिक और विशिष्ट उत्पादों का प्रदर्शन और बिक्री कर सकें।

इस मौके पर उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने कहा कि इस हाट के माध्यम से स्थानीय स्तर पर तैयार उत्पादों को सीधा बाजार मिलेगा, जिससे कारीगरों और उद्यमियों को ग्राहकों से जुड़ने का अवसर प्राप्त होगा। इससे उनकी आय में वृद्धि के साथ-साथ स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन मिलेगा और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा संचालित ‘जीवेदोक अभियान’ के तहत महिलाओं और उद्यमियों को एक ही स्थान पर अपने उत्पाद बेचने का अवसर दिया जा रहा है, जिससे स्वरोजगार को बढ़ावा मिलेगा और आत्मनिर्भरता की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

कार्यक्रम के दौरान गुमला जिले के पालकोट प्रखंड अंतर्गत बघिमा महिला विकास मंडल की महिलाओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि किस तरह सखी मंडलों से जुड़कर वे स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनी हैं।

दो मंजिला इस हाट में भूतल पर ‘पलाश मार्ट’ और ‘सेरांग’ स्थापित किए गए हैं, जबकि प्रथम तल पर ‘दीदी कैफे’ का संचालन किया जा रहा है। पलाश मार्ट में स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार हैंडीक्राफ्ट, पाइटकर पेंटिंग, सैनिटरी उत्पाद और विभिन्न प्रसंस्कृत खाद्य सामग्री जैसे तेल और मधु उपलब्ध कराए गए हैं। वहीं ‘सेरांग’ में बोड़ाम के अंधारझोर में बने पारंपरिक वाद्य यंत्र जैसे तबला, मांदर, ढोलक, नगाड़ा और डमरू की प्रदर्शनी एवं बिक्री की व्यवस्था की गई है।

इसके अलावा प्रथम तल पर संचालित ‘दीदी कैफे’ में स्थानीय पारंपरिक और पौष्टिक व्यंजनों का स्वाद लिया जा सकेगा, जहां खास तौर पर स्टीम आधारित स्वास्थ्यवर्धक भोजन को बढ़ावा दिया जाएगा।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान, धालभूम अनुमंडल पदाधिकारी अर्णव मिश्रा, जेएनएसी के उप नगर आयुक्त कृष्णा कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी धनंजय और जेएसएलपीएस के डीपीएम सुजीत बारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Related Post