Breaking
Wed. Mar 18th, 2026

पलंग से गिरने के बाद 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत, परिवार में पसरा मातम

जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र स्थित भुइयांडीह छायानगर में मंगलवार रात एक दर्दनाक हादसे में 55 वर्षीय रवींद्र प्रसाद की मौत हो गई। वे अपने घर में रात करीब आठ बजे पलंग पर बैठकर टीवी देख रहे थे। बताया जाता है कि कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जैसे ही वे टीवी बंद करने के लिए उठे और नीचे उतरने लगे, अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वे जोर से जमीन पर गिर पड़े।

गिरते ही उनकी हालत बिगड़ने लगी और उन्हें खून की उल्टियां होने लगीं, जिससे घर में हड़कंप मच गया। परिजन घबराकर तुरंत उन्हें इलाज के लिए लेकर निकले और करीब रात दस बजे एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे। वहां मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिवार के अनुसार, रवींद्र प्रसाद पिछले डेढ़ साल से डायबिटीज और टीबी जैसी गंभीर बीमारियों से पीड़ित थे, जिससे उनका स्वास्थ्य पहले से ही कमजोर चल रहा था। अचानक हुई इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। घर में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

बताया गया कि रवींद्र प्रसाद गोलगप्पा बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके ऊपर एक पुत्र और तीन पुत्रियों की जिम्मेदारी थी। उनकी असामयिक मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

Related Post