Breaking
Wed. Mar 18th, 2026

स्कूल में घुसकर हंगामा करने वाले युवक को रस्सी से बांधकर किया काबू, प्रधानाध्यापक से मारपीट के बाद पुलिस को सौंपा

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र के जोजोगुटू गांव स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय में बुधवार को एक युवक के उत्पात से हड़कंप मच गया। हंगामा कर रहे युवक को काबू में करने के लिए शिक्षकों और छात्रों ने मिलकर उसे रस्सी से बांध दिया, जिसके बाद पुलिस के हवाले किया गया।

जानकारी के अनुसार युवक अचानक विद्यालय परिसर में घुस आया और बेवजह हंगामा करने लगा। उसने विद्यालय के प्रधानाध्यापक गुरेश दाराय के साथ हाथापाई की और शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा छात्र-छात्राओं के साथ गाली-गलौज करते हुए अभद्र व्यवहार किया। इस घटना से कक्षाओं में पढ़ रहे बच्चों में दहशत फैल गई और पूरे विद्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

स्थिति बिगड़ते देख विद्यालय के शिक्षकों और कुछ छात्रों ने हिम्मत दिखाते हुए युवक को पकड़ लिया। काफी प्रयास के बाद उसे काबू में कर रस्सी से बांध दिया गया, ताकि वह दोबारा किसी को नुकसान न पहुंचा सके।

बाद में युवक की पहचान रमेश गुड़िया (लगभग 20 वर्ष), पिता बिरसा गुड़िया के रूप में हुई, जो इसी विद्यालय का पूर्व छात्र बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि घटना के समय वह नशे में था। प्रधानाध्यापक गुरेश दाराय ने बताया कि रमेश पहले भी इस तरह की हरकत कर चुका है।

घटना की सूचना मिलते ही मनोहरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अपने कब्जे में लेकर थाने ले गई। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

विद्यालय की शिक्षिका नीता चेरूवा ने बताया कि रमेश पहले पढ़ाई में अच्छा था, लेकिन नशे की लत ने उसका जीवन प्रभावित कर दिया। वहीं उसके बड़े भाई बोगन गुड़िया ने घटना पर खेद जताते हुए कहा कि परिवार भविष्य में इस तरह की घटना न हो, इसके लिए प्रयास करेगा।

यह घटना क्षेत्र में बढ़ती नशाखोरी की समस्या को उजागर करती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नशे की लत युवाओं को गलत दिशा में ले जा रही है, जिससे सामाजिक व्यवस्था पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।

Related Post