जमशेदपुर। टेल्को थाना क्षेत्र अंतर्गत जेम्को मनीफीट इलाके में बुधवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां 16 वर्षीय किशोरी ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान सरस्वती विश्वकर्मा के रूप में हुई है। वह सीताराम विश्वकर्मा की पुत्री थी, जो पेशे से वाहन चालक बताए जाते हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना के समय घर पर कोई भी सदस्य मौजूद नहीं था। सुबह जब परिजन घर लौटे तो उन्होंने सरस्वती को कमरे में फंदे से लटका हुआ पाया। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और आसपास के लोग मौके पर जुट गए। इसके बाद स्थानीय लोगों द्वारा तुरंत टेल्को थाना पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में किसी तरह के संघर्ष के निशान नहीं मिले हैं, जिससे प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, घटना के पीछे के कारणों का अभी तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है।
पुलिस परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि किशोरी ने यह कदम क्यों उठाया। साथ ही उसके मोबाइल और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। घटना के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

