Breaking
Tue. Mar 17th, 2026

मानगो नगर निगम के उपमहापौर बने राहुल सिंह कश्यप, 19 मतों से दर्ज की जीत

जमशेदपुर। मानगो नगर निगम में उपमहापौर पद के लिए हुए चुनाव में राहुल सिंह कश्यप ने जीत हासिल कर ली है। मंगलवार को जिला समाहरणालय स्थित डीसी कार्यालय में आयोजित इस चुनाव में कुल 34 वार्ड पार्षदों ने मतदान किया।

उपमहापौर पद के लिए राहुल सिंह कश्यप, गुलाम मुस्तफा राजा और मौमिता चटर्जी ने नामांकन दाखिल किया था। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद मतदान कराया गया और फिर मतगणना की गई। मतगणना के उपरांत राहुल सिंह कश्यप को विजेता घोषित किया गया।

परिणाम के अनुसार राहुल सिंह कश्यप को 19 मत प्राप्त हुए, जबकि गुलाम मुस्तफा राजा को 9 और मौमिता चटर्जी को 6 मत मिले। स्पष्ट बहुमत के साथ राहुल सिंह कश्यप ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ दिया।

राहुल सिंह कश्यप मानगो के रिपीट कॉलोनी के निवासी हैं और वार्ड संख्या 5 से पार्षद चुने गए हैं। उनके खिलाफ चुनाव मैदान में उतरे गुलाम मुस्तफा राजा वार्ड संख्या 26 के पार्षद हैं, जबकि मौमिता चटर्जी भी वार्ड संख्या 5 से निर्वाचित पार्षद हैं।

चुनाव में राहुल सिंह कश्यप को भारतीय जनता पार्टी के नेताओं का समर्थन प्राप्त रहा। साथ ही मेयर सुधा गुप्ता और पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता का भी उन्हें आशीर्वाद मिला। हालांकि गुलाम मुस्तफा राजा को भी बन्ना गुप्ता समर्थक माना जाता है।

गौरतलब है कि इससे पूर्व मेयर पद के लिए सुधा गुप्ता को शपथ दिलाई जा चुकी है। इसके साथ ही सभी 34 वार्ड पार्षदों ने भी पद एवं गोपनीयता की शपथ ली थी। अब उपमहापौर के चयन के साथ ही मानगो नगर निगम की नई सरकार पूरी तरह से गठन हो गई है।

Related Post