जमशेदपुर। जुगसलाई थाना क्षेत्र के पंछी मोहल्ला स्थित पंछी बागान से मंगलवार सुबह एक सनसनीखेज मामला सामने आया, जहां एक अज्ञात युवती का शव पेड़ से लटका हुआ बरामद किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
स्थानीय लोगों ने सुबह बागान के पास एक युवती को पेड़ से लटका देखा और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही जुगसलाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने पाया कि युवती दुपट्टे के सहारे पेड़ से लटकी हुई थी।
प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। शव को नीचे उतारकर पहचान कराने का प्रयास किया गया, लेकिन युवती की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका की उम्र लगभग 30 वर्ष के आसपास बताई जा रही है। उसने जींस और शर्ट पहन रखी थी। पहचान नहीं होने के कारण इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस आसपास के थानों से गुमशुदगी की जानकारी जुटा रही है ताकि मृतका की पहचान की जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल मामले की गंभीरता से जांच जारी है।

