Breaking
Mon. Mar 16th, 2026

नववर्ष यात्रा जुलूस को लेकर 18 मार्च को जमशेदपुर में नो-एंट्री लागू

जमशेदपुर। शहर में 18 मार्च को निकलने वाले नववर्ष यात्रा जुलूस को देखते हुए जिला प्रशासन ने ट्रैफिक व्यवस्था में अस्थायी बदलाव करते हुए नो-एंट्री लागू करने का निर्णय लिया है। हिंदू उत्सव समिति सहित विभिन्न संगठनों द्वारा आयोजित इस जुलूस के दौरान शहर में भीड़ और यातायात दबाव को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था की गई है।

जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी, वरीय पुलिस अधीक्षक पियुष पांडेय तथा ट्रैफिक डीएसपी नीरज कुमार की ओर से जारी संयुक्त आदेश के अनुसार 18 मार्च को सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक शहर में सभी प्रकार के भारी वाहनों के प्रवेश और परिचालन पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। प्रशासन का कहना है कि यह कदम जुलूस के दौरान यातायात को सुचारू बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचने के उद्देश्य से उठाया गया है।

हालांकि आम यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बसों के परिचालन पर रोक नहीं लगाई गई है। बसें सामान्य रूप से अपने निर्धारित मार्गों पर चलती रहेंगी। प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करते हुए पुलिस और प्रशासन का सहयोग करें, ताकि नववर्ष यात्रा जुलूस शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।

Related Post