जमशेदपुर।नानकशाही कैलेंडर अनुसार चेत माह में आयोजित सिखों के नववर्ष के मौके पर मानव सेवा को समर्पित करते हुए रोट्रैक्ट क्लब ऑफ जमशेदपुर के तत्वाधान में गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी, साकची द्वारा रोबिन हुड आर्मी के सहयोग से शनिवार को साकची गुरुद्वारा परिसर में एक दिवसीय रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान कुल 48 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।
रक्तदान शिविर में युवाओं और समाजसेवियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए जरूरतमंद मरीजों की मदद के लिए रक्तदान किया। शिविर के सफल आयोजन में गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी और रोट्रैक्ट क्लब के सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
इस अवसर पर गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी के प्रधान सरदार निशान सिंह ने सभी रक्तदाताओं और आयोजन से जुड़े सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “रक्तदान सबसे बड़ा मानवीय सेवा कार्य है। जो लोग स्वेच्छा से रक्तदान करते हैं, वे किसी अनजान व्यक्ति को नया जीवन देने का पुण्य कार्य करते हैं। कमिटी सभी रक्तदाताओं, रोट्रैक्ट क्लब के सदस्यों और सहयोगी संस्थाओं के प्रति दिल से धन्यवाद प्रकट करती है, जिनके सहयोग से यह शिविर सफल हो पाया।”
शिविर में गुरुद्वारा प्रबंधक कमिटी के प्रधान सरदार निशान सिंह के अलावा कमिटी के सदस्य सतनाम सिंह घुम्मन, हरविंदर सिंह, जसबीर सिंह गांधी और मनोहर सिंह मित्ये उपस्थित रहे। वहीं रोट्रैक्ट क्लब ऑफ जमशेदपुर की ओर से अध्यक्ष कुमार तेजश्वी, सचिव आफरीन शेख, चिन्मय दास तथा सेवार्थ परिवार के सदस्यों ने शिविर को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। बताते चलें कि रोट्रैक्ट क्लब ऑफ जमशेदपुर द्वारा 9 मार्च से 15 मार्च तक रक्तदान की विशेष मुहिम “महादान 11.0” के तहत विभिन्न स्थानों पर रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करना और जरूरतमंदों को जीवनदान देना है।
गौरतलब है कि नानकशाही कैलेंडर के अनुसार, सिखों का नववर्ष देसी माह के हिसाब से 1 चेत को मनाया जाता है। यह दिन गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं और आध्यात्मिक नवीनीकरण के प्रतीक के रूप में मनाया जाता है और इसी दिन से नानकशाही संवत की शुरुआत होती है।

