जमशेदपुर। बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन साल के मासूम की जान चली गई। जानकारी के अनुसार बर्मामाइंस स्थित स्टार टॉकीज के पास रहने वाला तीन वर्षीय आरुष अपनी मां के साथ बड़े भाई को लेने के लिए बाहर गया था। वह अपनी मां के साथ वहीं खड़ा होकर भाई का इंतजार कर रहा था।
इसी दौरान वहां से गुजर रही एक कार की चपेट में आने से बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के तुरंत बाद परिजन और स्थानीय लोग उसे इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि जिस कार से हादसा हुआ वह टुइलाडुंगरी, गोलमुरी निवासी जसप्रीत सिंह चला रहा था। वह अपने पिता परमजीत सिंह की कार लेकर जा रहा था, तभी बच्चा अचानक कार की चपेट में आ गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना का पूरा दृश्य पास की एक इमारत में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है, जिसका वीडियो भी सामने आया है। पुलिस ने मामले की जानकारी मिलने के बाद जांच शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।

