Breaking
Sat. Mar 14th, 2026

तांतनगर में दर्दनाक सड़क हादसा, तेज रफ्तार बाइक दीवार से टकराई, तीन युवकों की मौके पर मौत

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के तांतनगर ओपी क्षेत्र के कोकचो पंचायत में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ घटनास्थल पर जुट गई। सूचना मिलते ही तांतनगर ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को एंबुलेंस की मदद से चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया।

जानकारी के अनुसार तीनों युवक झींकपानी के साप्ताहिक बाजार से एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने गांव रायकोला लौट रहे थे। इसी दौरान कोकचो पंचायत के चिमीसाई स्थित पुराने पंचायत भवन के पास उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और तेज रफ्तार में सीधे पंचायत भवन की दीवार से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़े और कुछ ही क्षणों में उनकी मौत हो गई।

मृतकों की पहचान रायकोला गांव निवासी सुनील कुंकल (पिता कृष्णा कुंकल), चोगो कुंकल और चैतन कुंकल (दोनों के पिता कोलाय कुंकल) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि चोगो कुंकल हाल ही में गुजरात से अपने घर लौटा था और शनिवार को अपने साथियों के साथ झींकपानी बाजार गया था। बाजार से लौटते समय यह दर्दनाक हादसा हो गया।

घटना की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। गांव में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के अनुसार बाइक काफी तेज रफ्तार में थी, जिसके कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बाइक सीधे दीवार से जा टकराई।

पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और सड़क सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Post