Breaking
Fri. Mar 13th, 2026

झारखंड पुलिस को मिली नई ताकत, 636 बोलेरो व 859 अपाचे बाइक को CM हेमंत सोरेन ने दिखाई हरी झंडी संयुक्त थाना भवनों का ऑनलाइन शिलान्यास, 9 वैज्ञानिक सहायकों को नियुक्ति पत्र

रांची।मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शुक्रवार को झारखंड पुलिस को आधुनिक संसाधनों से सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया। उन्होंने पुलिस विभाग को स्वीकृत 1255 महिंद्रा बोलेरो और 1699 दोपहिया टीवीएस अपाचे वाहनों में से पहले चरण में 636 बोलेरो और 859 अपाचे बाइक को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।मुख्यमंत्री ने कहा कि इन वाहनों से पुलिस की कार्यक्षमता और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता में सुधार होगा। साथ ही जिलों में संयुक्त थाना भवनों का ऑनलाइन शिलान्यास भी किया गया, जो पुलिस व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में अहम पहल है। इस अवसर पर राज्य विधि विज्ञान प्रयोगशाला के लिए 9 वैज्ञानिक सहायकों को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए गए।मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड राज्य गठन के बाद संभवतः यह पहला अवसर है जब इतनी बड़ी संख्या में पुलिस वाहनों को थानों को सौंपा जा रहा है। यह पहल का पहला चरण है और जल्द ही दूसरा चरण भी पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पिछले लगभग 25 वर्षों में राज्य में कई नए थानों की स्थापना हुई है और पुलिस बल की संख्या भी बढ़ी है, लेकिन अपराध के स्वरूप भी तेजी से बदल रहे हैं। अपराध में नई तकनीकों का इस्तेमाल बढ़ा है, इसलिए पुलिस को भी आधुनिक तकनीक, बेहतर प्रशिक्षण और नए संसाधनों से मजबूत करना जरूरी है।मुख्यमंत्री ने झारखंड पुलिस के अधिकारियों और जवानों के साहस, समर्पण और सेवा भाव की सराहना करते हुए कहा कि नए संसाधनों से राज्य की सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी तथा अपराधियों में कानून का भय बढ़ेगा। उन्होंने पुलिस विभाग को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार राज्य की सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार काम करती रहेगी।

Related Post